07/27/2024 7:44 AM

शंभू बॉर्डर से केंद्र ने पंजाब के किसानों को 1 किलोमीटर दूर रखने को कहा

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब सरकार से कहा गया है कि किसानों को पंजाब-हरियाणा की सीमाओं पर रोकने के लिए उचित सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। उधर, हरियाणा पुलिस ने भी पंजाब पुलिस से संपर्क साथ कर कहा है कि पोकलेन और जेसीबी मशीनों के इस्तेमाल से शंभु बॉर्डर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की जान को भी खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी मशीनरी को सीमा से 1 किलोमीटर पीछे रखा जाए ताकि कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने में किसी तरह की दिक्कत न हो। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को पत्र भेजकर सीमा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित प्रदेश कार्यकारिणी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में किसानों के दिल्ली कूच के मसले पर गंभीर विचारविमर्श चला।