सुखबीर बादल का बड़ा फैसला; बलविंदर सिंह भूंदड़ को कार्यकारी अध्यक्ष किया नियुक्त

अमृतसर: पंज सिंह साहिबान की बैठक की पूर्व संध्या पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने महत्वपूर्ण फैसला करते हुए बादल परिवार के नजदीक समङो जाते सीनियर नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। अकाली दल के प्रवक्ता व संसदीय बोर्ड के सदस्य डा. दलजीत सिंह चीमा ने अपने एक्स हैंडल पर यह जानकारी सांझा की है। अकाली दल के बलविंदर सिंह भूंदड़ को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर सभी को चौंका दिया गया है। बीते कुछ दिनों से जिस प्रकार पंथक संगठनों ने सुखबीर बादल के खिलाफ लामबंद होकर ज्ञानी रघबीर सिंह को मांग पत्र सौंपे थे, उससे सुखबीर का अध्यक्ष पद पर बने रहना एक चुनौती बनता जा रहा था। सुखबीर अब तक के अपने राजनीतिक जीवन में बड़े संकट में है। वह पहली बार श्री अकाल तख्त साहिब के कटघरे में खड़े हुए हैं।

पंज सिंह साहिबान की बैठक में होने वाले किसी भी फैसले से पहले बलविंदर सिंह भुंदड़ को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करना सुखबीर बादल का एक तुरुप का पत्ता भी हो सकता है।
मानसा से ‘धंजल’ के अनुसार, बलविंद्र सिंह भूंदड़ 1972 में एमरजेंसी के दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ लंबे समय तक जेल में भी रहे और उन्होंने अकाली मोर्चो में अहम भूमिका निभाई। वह एक ही पार्टी व एक ही क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। बलविंद्र सिंह भूंदड़ को बादल परिवार का करीबी माना जाता है। वह पांच बार विधायक, कैबिनेट मंत्री, तीन बार राज्यसभा सदस्य व एक बार मंडी बोर्ड के चेयरमैन रह चुके हैं। बलविंद्र सिंह भूंदड़ के समर्थकों का कहना है कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है वह पूरी तनदेही, ईमानदारी, पार्टियों को एकजुट रखने तथा फिर से पार्टी को पांव पर खड़े करने के लिए काम करेंगे।